ऊना। राधा कृष्ण मंदिर कोटला कलां में एकादशी पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व के अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी फूलमालाओं और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने भगवान श्रीराधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र में शांति की कामना की। मंदिर में आयोजित भजन-कीर्तन और सत्संग के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।
इस अवसर पर दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। बाबा जी ने अपने प्रवचन में कहा कि एकादशी का व्रत मन और आत्मा की शुद्धि का पर्व है। यह पर्व हमें संयम, सेवा और भगवान के प्रति सच्ची श्रद्धा रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारा और मानव सेवा की भावना को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।