घायलों को मिले बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधा

Update: 2026-01-11 11:22 GMT
राजगढ़। हरिपुरधार के समीप हुई निजी बस दुर्घटना में घायल यात्रियों का हालचाल जानने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं रेणुका विधानसभा क्षेत्र से विधायक विनय कुमार शनिवार सुबह सिविल हॉस्पिटल राजगढ़ पहुंचे। इससे पूर्व वह सोलन में उपचाराधीन घायलों से भी मुलाकात कर चुके थे। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और कहा कि प्रशासन पूर्ण संवेदनशीलता एवं तत्त्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, ताकि किसी प्रकार की कमी न रहे। विनय कुमार ने बताया कि इस दुखद दुर्घटना में अब तक 14 लोगों की जान चली गई है और कई यात्री घायल हुए हैं।
वर्तमान में राजगढ़ अस्पताल में 14 घायल उपचाराधीन हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को तत्त्काल मुस्तैद कर दिया था। मृतकों का पोस्टमार्टम मौके पर ही करवाया गया, जबकि घायलों को नाहन, राजगढ़, सोलन, एमएमयू शिमला तथा पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी घायलों का संपूर्ण उपचार सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी घायल शीघ्र स्वस्थ हों तथा इस हादसे में दिवंगत आत्माओं को शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति मिले।
Tags:    

Similar News