खामेनेई के X अकाउंट से पहली पोस्ट: “जायोनिस्ट शासन ने बड़ी गलती की”
खामेनेई के X अकाउंट से मिसाइल शक्ति का प्रदर्शन
Iran ईरान : सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उनके आधिकारिक X (ट्विटर) अकाउंट से पहली पोस्ट सामने आई है, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी है। इस पोस्ट में इजरायल को कड़ी चेतावनी दी गई है और एक AI-जनरेटेड तस्वीर साझा की गई है, जिसमें मिसाइल निर्माण से लेकर लक्ष्य पर हमले तक की पूरी प्रक्रिया दिखाई गई है।
पोस्ट में लिखा गया, “जायोनिस्ट शासन ने बड़ी गलती की है और इसके परिणाम उन्हें निराश कर देंगे।” इस संदेश को ईरान की ओर से इजरायल के खिलाफ कड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है। शेयर की गई तस्वीर तीन हिस्सों में बनाई गई है। पहले हिस्से में एक शक्तिशाली बैलिस्टिक मिसाइल के प्रक्षेपण का दृश्य दिखाया गया है, जिसमें रात के अंधेरे में दुश्मन के ठिकानों पर मिसाइलों की बारिश दिखाई देती है। दूसरे हिस्से में रेगिस्तान में एक मोबाइल लॉन्चर पर तैनात मिसाइल और उसके आसपास तैनात सैनिक दिखाई देते हैं। तीसरे हिस्से में वैज्ञानिकों को हाई-टेक लैब में मिसाइल तैयार करते हुए दिखाया गया है।
खामेनेई की मौत के बाद उनके सोशल मीडिया अकाउंट की बायो भी बदलकर “Martyr Leader of the Islamic Revolution” कर दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पोस्ट ईरान की रणनीतिक और मनोवैज्ञानिक प्रतिक्रिया का हिस्सा हो सकती है, जो क्षेत्र में बढ़ते तनाव को दर्शाती है।
दरअसल, हाल ही में अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में खामेनेई की मौत की खबर सामने आई थी, जिसके बाद ईरान और इजरायल के बीच तनाव और बढ़ गया है। इसके बाद से ईरान की ओर से कई मिसाइल और ड्रोन हमले भी किए गए हैं, जिससे पूरे पश्चिम एशिया में संघर्ष की आशंका बढ़ गई है। विश्लेषकों के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से दिया गया यह संदेश केवल चेतावनी ही नहीं, बल्कि ईरान की सैन्य क्षमता और राजनीतिक रुख का प्रतीक भी है।