बिजली खंभे में बांधकर पार्षद को बेरहमी से पीटा, मदद के लिए गुहार लगाती रही पत्नी

वायरल हो रहा वीडियो

Update: 2021-03-20 12:29 GMT

बिहार के भोजपुर में दबंगों ने एक वार्ड सदस्य की बिजली के खंभे में बांधकर पिटाई की है। आरोपियों ने वार्ड सदस्य चंद्रशेखर सिंह को बंदूक की बट और लाठी-डंडे से पीटा। इस दौरान पीड़ित युवक की पत्नी और बेटा लगातार उसे छोड़ने की गुहार लगा रहे थे। बावजूद इसके दबंगों ने उनकी एक नहीं सुनी। यही नहीं आरोपियों ने पिटाई के बाद वार्ड सदस्य को पुलिस से गिरफ्तार भी करवा दिया। पूरा मामला अगिआंव प्रखंड के बड़गांव का है। पीड़ित परिवार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर उन्होंने मामले की शिकायत अजीमाबाद थाने में की। लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित की पत्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने दबंगों के दबाव में उनके पति चंद्रशेखर सिंह को ही गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद वार्ड सदस्य चंद्रशेखर सिंह की पत्नी ने एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने गांव के ही कमल नयन सिंह और उसके भाई पर मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने ये भी कहा कि पुलिस को पैसे देकर आरोपियों ने उनके पति को गिरफ्तार करवाया है।

पूरे मामले स्थानीय लोगों ने एनबीटी को बताया कि वार्ड सदस्य चंद्रशेखर सिंह इस बार पंचायत चुनाव में समिति सदस्य पद से लड़ना चाहते हैं। वहीं जिन लोगों पर उनकी पिटाई का आरोप लगा है वह भी मौजूदा पंचायत समिति सदस्य के पक्षधर हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, इसको लेकर सात मार्च को भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। तब इसकी एफआईआर भी कराई गई थी। उस समय पुलिस पर आरोप लगा था कि उसने एकतरफा कार्रवाई कर चंद्रशेखर के भाई को ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद अब वार्ड सदस्य की पिटाई का मामला सामने आया।

दूसरी ओर, आरोपी पक्ष ने वार्ड सदस्य चंद्रशेखर सिंह पर ही चुनावी रंजिश में उनके परिवार के बुजुर्ग पूर्व सैनिक की पिटाई का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पिटाई में घायल बुजुर्ग का इलाज पटना के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पूरे मामले भोजपुर के एसपी हर किशोर राय ने एनबीटी को बताया कि कुछ दिनों पूर्व दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। जिसको लेकर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। वायरल वीडियो के संबंध में उन्होंने कहा कि सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार होंगे, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Tags:    

Similar News

-->