शिमला। भाजपा विधायक दल ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल को प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से विधायक क्षेत्र विकास निधि, ऐच्छिक निधि तथा विपक्षी विधायकों की विकास प्राथमिकताओं को लंबित रखने के मुद्दे को उठाया गया। ज्ञापन में राज्यपाल को अवगत करवाया गया कि प्रदेश सरकार अक्तूबर, 2025 के बाद से विधायक क्षेत्र विकास निधि जारी नहीं कर रही है, जिस कारण विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जनता से किए गए विकास कार्यों के वादे पूरे करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि विधायकों की ऐच्छिक निधि भी समय पर जारी नहीं की जा रही। ज्ञापन सौंपने के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हिमाचल में परंपरा रही है कि विधायकों से विकास की दृष्टि से प्राथमिकताएं ली जाती हैं और वे पीडब्ल्यूडी तथा जलशक्ति विभाग में अपनी योजनाएं दर्ज करते हैं, परंतु पिछले तीन वर्षों में विपक्षी विधायकों द्वारा दी गई प्राथमिकताओं पर न तो डीपीआर बनाई जा रही है और न ही उन्हें नाबार्ड से स्वीकृति के लिए भेजा जा रहा है। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष के साथ विधायक विपिन परमार, सतपाल सत्ती, विक्रम ठाकुर, रणधीर शर्मा, डीएस ठाकुर, राकेश जम्वाल, पवन काजल, सुखराम चौधरी, दिलीप ठाकुर, इंद्र सिंह गांधी, डा. जनक राज, दीप राज कपूर, लोकेंद्र कुमार, प्रकाश राणा, रीना कश्यप, त्रिलोक जम्वाल, इंद्र दत्त लखनपाल, सुरेंद्र शौरी, पूर्ण चंद, जीत राम कटवाल, हंस राज, बलबीर वर्मा सहित अन्य विधायक उपस्थित रहे।