चंबा। डीएवी पब्लिक स्कूल खरूडा चंबा में डीएवी स्थापना दिवस श्रद्धा, उत्साह एवं वैदिक परंपराओं के अनुरूप हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक वैदिक हवन-यज्ञ से हुआ। इसमें स्कूल की प्रधानाचार्य सुमन कुंद्रा ने मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहकर आहुति डाली। इस पावन और आध्यात्मिक अवसर पर नर्सरी से लेकर द्धितीय कक्षा तक के नन्हे- मुन्ने विद्यार्थियों ने पूरे भक्तिभाव से हवन में सहभागिता की और वैदिक संस्कृति के प्रति अपनी गहरी आस्था प्रकट की।
कार्यक्रम में विद्यालय की सभी शिक्षिकाओं ने भी सक्रिय भागेदारी निभाते हुए बच्चों का मार्गदर्शन किया और विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति तथा डीएवी स्थापना दिवस के ऐतिहासिक महत्व से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य सुमन कुंद्रा ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के भीतर अनुशासन, सेवा-भाव, नैतिकता एवं सांस्कृतिक चेतना के विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को प्र्रेरित करते हुए कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा ही चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त आधार है। इसलिए सभी विद्यार्थियों को सत्य, परिश्रम, सदाचार एवं मानवता के शाश्वत मूल्यों को अपने जीवन में अनिवार्य रूप से अपनाना चाहिए। इस मौके पर स्कूल स्टाफ भी मौजूद रहा।