छात्रों ने यमुना रिवरफ्रंट नेचर पार्क-वन विहार का किया दौरा

Update: 2024-05-17 09:49 GMT
पांवटा साहिब। हरित भविष्य की ओर प्रवाहित होना, यमुना हमारी धरोहर, यमुना योद्धा, नदी और पर्यावरण संरक्षण के लिए स्कूली बच्चों को सशक्त बनाने के लिए पांवटा साहिब वन विभाग द्वारा एक नई पहल की है। इस संबंध में छात्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तारूवाला के 30 छात्रों ने इको क्लब के दो स्कूल शिक्षकों के साथ गुरुवार को यमुना रिवरफ्रंट नेचर पार्क और यमुना वन विहार का दौरा किया। इस दौरान उन्हें पर्यावरण-पुर्नस्थापना, यमुना नदी की कहानी, नदी की चुनौतियां, पांवटा के आसपास के जंगल और वन्य जीवन, साल वृक्ष पुनर्जनन, प्रकृति संरक्षण आदि के बारे में वन विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने प्रकृति संरक्षण का संकल्प भी लिया और एक प्रश्रोत्तरी का आयोजन किया गया। इस दौरान शीर्ष पांच छात्रों को पुरस्कार दिए गए। वहीं वन विभाग के डीएफओ ऐश्वर्य राज ने कहा कि यह अभियान पांवटा साहिब के युवाओं को प्रकृति संरक्षण, जंगलों तथा यमुना नदी की सुरक्षा में रुचि रखने वाले यमुना योद्धाओं के रूप में आगे ले जाएगा।

बता दें कि यमुना नदी उत्तरी भारत की जीवन रेखा है और गंगा नदी की सबसे बड़ी सहायक नदी है जो उत्तराखंड में हिमालय से उतरने के बाद पांवटा साहिब से होकर गुजरती है। यह नदी आर्थिक, पारिस्थितिक, सांस्कृतिक पहलुओं से महत्त्वपूर्ण है, लेकिन आज प्रदूषण, डंपिंग, खनन और अस्थिर प्रथाओं के कारण गंभीर पर्यावरणीय गिरावट का सामना कर रही है। इस महत्त्वपूर्ण मुद्दे को संबोधित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देने के लिए स्कूली बच्चों पर लक्षित एक जागरूकता कार्यक्रम यमुना हमारी धरोहर के रूप में किया गया है। डीएफओ ने बताया कि पांवटा साहिब के विभिन्न स्कूलों के स्कूली बच्चों को दो स्कूल शिक्षकों के साथ इन पार्कों में एक से दो घंटे की एक्सपोजर विजिट के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। जिसको लेकर गुरुवार को 30 छात्रों ने इको क्लब के दो स्कूल शिक्षकों के साथ पार्क का दौरा किया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags:    

Similar News