Hospice. धर्मशाला। राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज कांगड़ा की एक छात्रा परीक्षा समाप्त होने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है। देश राज पुत्र रोशन लाल निवासी पंचरुखी ने थाना कांगड़ा में शिकायत दर्ज करवाई कि उनकी बेटी राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज कांगड़ा में अध्ययनरत है। छात्रा की अंतिम परीक्षा 22 जून को समाप्त हुई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रा ने छात्रावास में अपना सामान पैक किया और शिक्षकों को बताया कि वह घर जा रही है।
हालांकि, इसके बाद वह घर नहीं पहुंची। परिजनों ने उसके मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद मामले की सूचना थाना कांगड़ा में दी गई। पुलिस ने छात्रा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर खोज अभियान व छानबीन शुरू कर दी है। छात्रा के मोबाइल की कॉल डिटेल और टावर लोकेशन संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए एजेंसियों से पत्राचार किया गया है। पुलिस विभाग कांगड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।