पुलिस महकमे में हड़कंप, पुलिस लाइन में कॉन्स्टेबल ने खुद को गोली मारी, एसपी समेत आला अधिकारी मौके पर
कारणों का पता लगाने में जुटे हैं...
DEMO PIC
बाराबंकी. बाराबंकी जिले (Barabanki District) में आज यूपी पुलिस (UP Police) के एक कॉन्स्टेबल (constable) ने खुद को गोली मारकर जान दे दी. कॉन्स्टेबल द्वारा खुद को गोली मारने की सूचना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में एसपी और दूसरे आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना करके कॉन्स्टेबल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. कॉन्स्टेबल ने बाराबंकी पुलिस लाइन के बैरक सीआर में खुद को गोली मारी है.
फिलहाल, पुलिस अधिकारी कॉन्स्टेबल के आत्महत्या करने के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं. जानकारी के मुताबिक, 28 वर्षीय कॉन्स्टेबल सोनू कुमार हरदोई जिले का रहने वाला था और वह झारखंड में मुलजिम पेशी की ड्यूटी करके लौटा था. इस समय उसकी तैनाती पुलिस लाइन में ही थी.
बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि कॉन्स्टेबल कल मुलजिम पेशी की ड्यूटी करके झारखंड से लौटकर आया था और आज उसकी डेड बॉडी मिली है. पंचनामा करके कॉन्स्टेबल की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस आत्महत्या की वजहों का पता लगाने में जुटी है. जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.