लखीसराय:  बिहार के लखीसराय के प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में दर्दनाक हादसा हो गया. सावन के तीसरे सोमवार पर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे, इसी दौरान श्रद्धालुओं के बीच बिजली का तार गिरने से अचानक भगदड़ मच गई. इस हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं. घायलों को इलाके के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त मंदिर परिसर में भारी भीड़ जमा थी. श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए कतार में लगे हुए थे. इसी दौरान बिजली का तार गिरने से लोग घबराकर भागने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई. कई महिलाएं भीड़ में दब गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गई हैं. घायलों को तुरंत लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है. प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश कर रहा है.
घटना के बारे में जानकारी देते हुए लखीसराय के डीएम ने बताया कि सावन का तीसरा सोमवार होने के करण प्रशासन ने मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के इंतजाम किए थे. प्रशासन की टीम तड़के तड़के 3:30 बजे से ही घटनास्थल पर मौजूद थे और सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित थीं, लेकिन दो ट्रेनों के रुकने से भारी भीड़ मंदिर परिसर तक पहुंच गई थी और मंदिर में पहले से ही भीड़ मौजूद थी. इसी दौरान अप्रत्याशित भगदड़ मच गई.
उन्होंने बताया कि सुबह 6:40-45 के करीब भीड़ बढ़ने से एक तरफ (खेत की तरफ) बैरिकेडिंग टूट गई, जिससे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए. उन्होंने बताया कि तुरंत 10-15 लोगों को एंबुलेंस में लोड करके अस्पताल भेजा गया है और स्थिति का पता लगाया जा रहा है.
Tags: