यूपी। गाजियाबाद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं.
घटना मोदीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बुदाना की है. यहां 32 साल के निखिल नेहरा का अपने 55 साल के पिता हरिओम नेहरा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद आरोपी ने पिता पर ताबड़तोड़ कई गोलियां चला दीं. गोली लगने से हरिओम नेहरा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी निखिल मौके से फरार हो गया.
घटना के बाद परिजन गंभीर हालत में हरिओम नेहरा को तत्काल मोदीनगर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. अस्पताल से घटना की जानकारी पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मौके से सबूत जुटाए हैं और फरार आरोपी की तलाश में कई टीमें लगा दी गई हैं.
आरोपी निखिल नशे का आदी बताया जा रहा है. परिवार में आए दिन विवाद होता रहता था. नशे में ही बेटे ने हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया. हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस सभी पहलुओं को लेकर जांच कर रही है. हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा. एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा का कहना है कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी है. चार गोलियां मृतक को लगी थीं. फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं है. पुलिस पूरे मामले में जांच कर रही है. जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा.