मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक हिस्ट्रीशीटर पिता और सौतेली मां पर अपनी 15 वर्षीय बेटी की हत्या की कोशिश करने का आरोप लगा है। आरोप है कि दोनों ने किशोरी को गंग नहर में धक्का दे दिया और उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस टीम ने किशोरी की चीख सुनकर उसकी जान बचाई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना भोपा थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, 27 नवंबर की रात करीब 10 बजे जॉली चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नहर की ओर से मदद की पुकार सुनाई दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो एक किशोरी पेड़ के सहारे अपनी जान बचाने की कोशिश कर रही थी।
पुलिस टीम ने महिला पुलिसकर्मी की मदद से किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार कराया। पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि उसके पिता और सौतेली मां ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से उसे नहर में धक्का दिया था। किशोरी ने दोनों पर पहले भी मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
सीओ भोपा राधा रमण सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 115(2), 3(5) और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता हिस्ट्रीशीटर है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गश्त कर रही पुलिस टीम की सतर्कता से किशोरी की जान बच गई।
Tags: