Gnadhinagar गांधीनगर। गुजरात की राजधानी गांधीनगर के कुडासन इलाके में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन 'बोस्की एम्पायर' इमारत की एक स्लैब अचानक से गिर गई। इस हादसे में 12 से ज्यादा मजदूरों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। अब तक 11 लोगों को बाहर निकालकर गांधीनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य जारी है। मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका के चलते जेसीबी और अन्य मशीनों से मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है।
एम्बुलेंस में तैनात एक कर्मचारी ने बताया, "11 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। इनमें दो महिलाएं और 9 पुरुष हैं, कोई बच्चा नहीं है। ये सभी यहां काम करने वाले मजदूर हैं। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि स्लैब गिरने की सूचना उन्हें फोन पर मिली। उन्होंने कहा कि घटना के समय कितने लोग मौजूद थे, यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन सात-आठ लोगों को अस्पताल ले जाया गया है और अभी और लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा, "हमारी पूरी मेडिकल टीम उन्हें बचाने के लिए काम कर रही है और एक्स-रे व ब्लड टेस्ट जैसे जरूरी टेस्ट कर रही है। अगर बाद में कोई समस्या आती है तो रीढ़ की हड्डी, ऑर्थोपेडिक्स और सर्जरी के स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को भी बुलाया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह इमारत निर्माणाधीन थी और स्लैब डालने का काम चल रहा था, तभी यह हादसा हुआ। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच के आदेश दिए हैं।
Tags: