पाली। पाली पश्चिमी राजस्थान के सबसे बड़े जवाई बांध के छह गेट छह साल बाद रविवार को खुले तो जवाई नदी में तेज वेग से पानी बहा, जो जालोर जिले के बिशनगढ़ तक पहुंच गया। बांध में दोपहर 2:40 बजे 5340 क्यूसेक पानी की आवक शुरू हुई। इस पर बांध का गेज पूरी भराव क्षमता 61.25 पर स्थिर रखने के लिए छह गेट एक-एक फीट खोलकर 5340 क्यूसेक पानी की निकासी की गई। इससे सुमेरपुर व शिवगंज के बीच बहने वाली जवाई नदी में पानी का वेग बढ़ गया।
पानी का वेग देखने बड़ी संख्या में लोग पुल पर पहुंचे। उधर, पानी की मात्रा बढ़ने से किसानों चेहरे दमक उठे। जालोर जिले में नदी जिन गांवों में पहुंची। वहां कई लोगों ने पूजन कर नदी की अगवानी की। जवाई बांध पर सुबह से शाम तक महज चार एमएम बरसात ही दर्ज की गई। जल संसाधन विभाग जवाई खण्ड के सहायक अभियंता रोहित चौधरी ने बताया कि बांध का जलग्रहण क्षेत्र करीब 70 किमी लम्बा है। जलग्रहण के पहाड़ी क्षेत्र में बरसात होने से दोपहर में पानी की आवक बढ़ी। इस पर बांध के गेट अधिक खोले गए।