धर्मशाला। धर्मशाला के तपोवन में हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधानसभा का 13वां शीतकालीन सत्र छह दिन की कार्यवाही के बाद कई राजनीतिक सवालों, आरोपों और विधायी फैसलों की छाप छोडक़र समाप्त हो गया। 16 से 21 नवंबर तक चले इस सत्र में एक ओर सरकार ने 13 सरकारी विधेयक पारित करवाकर अपने विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाया। दूसरी ओर विपक्ष ने भ्रष्टाचार, सरकारी संपत्तियों, जमीनों से जुड़े मामलों, आर्थिक स्थिति और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाकर सदन में खूब हंगामा किया। सत्र की सबसे बड़ी राजनीतिक लड़ाई भ्रष्टाचार के मुद्दे पर नियम-67 के तहत हुई चार दिवसीय चर्चा रही। इसमें मुख्यमंत्री सुक्खू तथा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर कई बार आमने-सामने आए।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के अनुसार छह बैठकों में सदन की उत्पादकता 80 फीसदी रही। सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही करीब 24 घंटे 15 मिनट चली। सरकार ने विधायकों की ओर से उठाए गए कुल 366 सवालों के जवाब दिए। इनमें 242 तारांकित और 124 अतारांकित प्रश्न शामिल रहे। इसके अलावा 13 सरकारी विधेयक चर्चा के बाद पारित किए गए। विधानसभा की विभिन्न समितियों की 10 रिपोर्टें भी सदन में रखी गईं। हालांकि, 19 नवंबर को निर्धारित गैर-सरकारी सदस्य दिवस पर नियम-101 के तहत प्रस्तुत तीन संकल्प समय के अभाव में चर्चा के लिए नहीं लिए जा सके। इस लिहाज से सत्र में विधायी कामकाज और सवालों के जवाब देने की उपलब्धि रही, लेकिन निजी सदस्यों के प्रस्तावों पर चर्चा नहीं हो पाना भी कार्यवाही का एक अधूरा पक्ष रहा।
Tags: