हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: संथाल आदिवासी बेटियों को पैतृक संपत्ति से वंचित नहीं कर सकते
पुरानी परंपरा बताकर बेटियों का हक नहीं छीन सकते: हाईकोर्ट
झारखंड: हाईकोर्ट ने अपने एक अहम फैसले में कहा है कि संथाल आदिवासी समुदाय की बेटियों को केवल पुरानी परंपराओं का हवाला देकर पैतृक संपत्ति के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। यदि कोई पक्ष यह दावा करता है कि संथाल प्रथा के तहत बेटियों को पिता की संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलता, तो उसे इस प्रथा के प्राचीन, निश्चित, उचित और निरंतर रूप से प्रचलित होने के ठोस साक्ष्य देने होंगे।
इसी के साथ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड स्थित तुर्का गांव के करीब 41 साल पुराने जमीन विवाद पर निचली अपीलीय अदालत के फैसले को बरकरार रखा। मामला वर्ष 1985 का है। तुर्का गांव की एक संथाल महिला ने अपनी पैतृक संपत्ति के मालिकाना हक और कब्जे की घोषणा के लिए टाइटल सूट दायर किया था। ट्रायल कोर्ट ने 5 अक्टूबर 1996 को महिला को पूरी संपत्ति के बजाय केवल एक-तिहाई हिस्से का मालिक माना।
इसके खिलाफ महिला ने प्रथम अपीलीय अदालत में अपील की। अदालत ने 4 मार्च 2006 को ट्रायल कोर्ट का फैसला संशोधित करते हुए पूरी पैतृक संपत्ति पर महिला का मालिकाना हक स्वीकार कर लिया। इस फैसले को चुनौती देते हुए सनातन हेम्ब्रम और अन्य ने हाईकोर्ट में द्वितीय अपील दायर की थी।
अपीलकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता जय प्रकाश झा ने दलील दी कि संथाल समाज में बेटियों को पैतृक संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलता। केवल घरजमाई विवाह की स्थिति में बेटी को उत्तराधिकार का अधिकार मिलता है। उनका तर्क था कि संबंधित महिला दूसरे गांव में रहती थी और उसका पति घरजमाई नहीं था। वहीं, महिला के कानूनी उत्तराधिकारियों की ओर से अधिवक्ता अतानु बनर्जी और अदालत की सहायता के लिए नियुक्त एमिकस क्यूरी सुमित गड़ोदिया ने महिलाओं के उत्तराधिकार अधिकारों और समानता के पक्ष में दलीलें दीं।
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के मधु किश्वर बनाम बिहार राज्य मामले का भी हवाला दिया। 27 पन्नों के फैसले में खंडपीठ ने कहा कि किसी प्रथा के आधार पर सामान्य कानूनी व्यवस्था से अलग अधिकार का दावा करने वाले पक्ष को उस प्रथा को प्रमाणित करना होगा। सुप्रीम कोर्ट के लक्ष्मीबाई बनाम भगवंतबुवा फैसले का हवाला देते हुए अदालत ने कहा कि प्रथा के प्राचीन, निश्चित, उचित और निरंतर होने का प्रमाण देने की जिम्मेदारी उसी पक्ष पर है, जो उसका दावा करता है। अदालत ने पाया कि प्रतिवादी ऐसी कोई बाध्यकारी प्रथा साबित नहीं कर सके।
दूसरी ओर, महिला की ओर से पेश 13 गवाहों और राजस्व दस्तावेजों से बेटियों को पैतृक संपत्ति मिलने के साक्ष्य दिए गए थे। अदालत ने घरजमाई विवाह और महिला के दूसरे गांव में रहने की दलीलों को भी स्वीकार नहीं किया।