नाहन। सिरमौर में छोटी दिवाली पर लोगों ने जमकर खरीददारी की और घरों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया। वहीं, व्यावसायिक संस्थानों में दिवाली को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही कारोबारी और कर्मचारी संस्थानों की साफ-सफाई और सजावट में जुटे दिखे। रविवार को दीपावली की पूर्व संध्या पर रविवार को जिला के नाहन, पांवटा साहिब, ददाहू, उपमंडल संगड़ाह, हरिपुरधार, सतौन, शिलाई, सराहां, राजगढ़ के अलावा औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब इत्यादि के बाजारों में लोगों ने जमकर खरीददारी की। वहीं, तंगहाल नाहन शहर के बाजार में आतिशबाजी और पटाखों के शौकिनों को चौगान मैदान में आतिशबाजी के स्टॉल मिले।
यहां लोगों ने आतिशबाजी की खरीददारी को काफी के्रज दिखा। उधर, डा. वाईएस परमार मेडिकल कालेज नाहन के नेत्र रोग विभाग ने दीपावली के अवसर पर एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि दीपावली के दौरान देश भर में पटाखों से आंखों की चोटों के 57 प्रतिशत मामले दर्ज होते हैं, जिसमें सबसे अधिक बच्चे ही प्रभावित हो रहे हैं। नेत्र रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डाक्टर शालू गुप्ता ने कहा कि पटाखों के विस्फोट से आंखों में जलन, कॉर्निया में घर्षण और स्थायी दृष्टि हानि हो सकती है, जिसके लिए उचित दूरी बनाने के साथ गॉगल्स और चश्मा जरूर पहनें। नेत्र रोग विशेषज्ञ ने इस दौरान धुएं और धूल से सावधान रहने के साथ-साथ उत्सव के दौरान प्राथमिक चिकित्सा किट और आईवॉश जरूर साथ रखने की सलाह दी।