पंजाब। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार में कैबिनेट विस्तार करने जा रही है। मौजूदा भगवंत मान सरकार में दो नए मंत्रियों को शामिल होने जा रहे हैं। वहीं, पंजाब के संसदीय कार्य मंत्री इंदरबीर सिंह निज्जर ने निजी कारणों से राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। गुरमीत सिंह खुडियान और बलकार सिंह कल राज्य मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ लेंगे। मान सरकार ने राज्य के गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित से शपथ ग्रहण कार्यक्रम के लिए समय मांगा है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कल 1 जून को आम आदमी पार्टी के सभी सांसदों, मंत्रियों और विधायकों को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर रात्रि भोज देने का फैसला किया है। आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल भी बुधवार को चंडीगढ़ आ रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से सभी पार्टी नेताओं को रात्रि भोज में भाग लेने के निमंत्रण भेजे गए हैं। इस दौरान भी कैबिनेट विस्तार की संभावनाओं पर विचार हो सकता है। जालंधर उप चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुशील सिंह को जीत मिली थी और उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार को पराजित किया था। इस रात्रि भोज का उद्देश्य जहां सभी नेताओं द्वारा की गई मेहनत को लेकर उनकी सराहना करना है, वहीं पर दूसरी ओर पार्टी की भावी रणनीति को भी अंतिम रूप देना है। राज्यसभा सदस्य राघव चड्डा भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा आम आदमी पार्टी हाईकमान के अन्य वरिष्ठ नेता भी रात्रि भोज के मौके पर उपस्थित रहेंगे।
पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार का पिछले साल गठन के 3 महीने बाद पहला कैबिनेट विस्तार हुआ था। इसमें हिंदू चेहरे के तौर पर अमन अरोड़ा और महिला मंत्री के तौर पर डॉ. बलजीत कौर के बाद अनमोल गगन मान को जगह दी गई थी। कैबिनेट में 3 सिख मंत्री डॉ. इंदरबीर निज्जर, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और फौजा सिंह सरारी शामिल किए गए थे। पिछले साल हुए कैबिनेट विस्तार में दूसरी बार विधायक बनी प्रो. बलजिंदर कौर, सर्वजीत माणुके और प्रिंसिपल बुधराम को झटका लगा था। उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया था। इसके अलावा राजपुरा से विधायक नीना मित्तल भी मंत्री पद के लिए जोर लगा रही थी लेकिन उनक भी बात नहीं बनी थी।
Tags: