बांग्लादेश: पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित स्वदेश वापसी को लेकर राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। उनके बांग्लादेश लौटने के संभावित रास्ते के रूप में पश्चिम बंगाल के पेट्रापोल-बेनापोल बॉर्डर का नाम सामने आ रहा है। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि शेख हसीना इसी सीमा मार्ग से अपने देश लौटने की योजना बना सकती हैं। इस बीच सीमा क्षेत्र में खुफिया एजेंसियों की रेकी किए जाने की चर्चाओं ने भी हलचल बढ़ा दी है।
पेट्रापोल भारत के पश्चिम बंगाल में स्थित है, जबकि इसके दूसरी ओर बांग्लादेश का बेनापोल क्षेत्र है। दोनों देशों के बीच यह एक महत्वपूर्ण सीमा मार्ग और व्यापारिक प्रवेश द्वार है। ऐसे में शेख हसीना की संभावित वापसी के लिए इस रास्ते का नाम सामने आने से सुरक्षा और राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखे जाने की चर्चा हो रही है।
शेख हसीना की वापसी को लेकर यह भी चर्चा है कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर संभावित गतिविधियों का आकलन किया जा रहा है। हालांकि, पेट्रापोल-बेनापोल मार्ग से उनके लौटने और इस इलाके में विशेष रेकी किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दिसंबर में लौटने का किया है ऐलान
शेख हसीना ने भारत से बांग्लादेश लौटने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने दिसंबर 2026 में स्वदेश वापसी की बात कही है। 9 नवंबर को उन्होंने नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र के लिए आवेदन भी किया था, लेकिन बांग्लादेश सरकार ने उनकी मांग खारिज कर दी।

सीमा पर बढ़ाई गई सुरक्षा
शेख हसीना की वापसी की घोषणा के बाद बांग्लादेश ने सीमा क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने गश्त, खुफिया निगरानी और चेकपोस्ट की संख्या बढ़ाई है। निगरानी के लिए ड्रोन, थर्मल कैमरे और नाइट विजन उपकरणों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। बांग्लादेश की ओर से अवैध तरीके से सीमा पार करने की कोशिशों को रोकने की बात कही गई है।

कानूनी प्रक्रिया के बीच वापसी पर सस्पेंस
शेख हसीना की वापसी का मामला केवल सीमा सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत और बांग्लादेश के बीच प्रत्यर्पण और कूटनीतिक संबंधों से भी जुड़ा हुआ है। बांग्लादेश में 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा से जुड़े मामले में उन्हें नवंबर 2025 में उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई गई थी। शेख हसीना ने आरोपों से इनकार किया है।
बांग्लादेश सरकार उन्हें प्रत्यर्पण संधि के तहत वापस लाने की मांग कर रही है। वहीं भारत के विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि प्रत्यर्पण का मामला कानूनी प्रक्रिया के तहत देखा जाएगा।

फिलहाल पेट्रापोल-बेनापोल बॉर्डर से उनकी वापसी की चर्चा के बावजूद वास्तविक रास्ते, तारीख और यात्रा की व्यवस्था को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में शेख हसीना की स्वदेश वापसी पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।
Tags: