राजधानी में 3.83 करोड़ का सोना जब्त, कार की टेल लाइट में छिपाए थे 25 बार
टेल लाइट के पीछे मिला 2.98 किलो विदेशी सोना, दो गिरफ्तार
हैदराबाद। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की हैदराबाद जोनल यूनिट ने विदेशी मूल के सोने की तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने करीब 3.83 करोड़ रुपये मूल्य का 2.98 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही KIA Seltos कार से सोने की 25 छड़ें बरामद की गई हैं। आरोपियों ने सोने को वाहन की टेल लाइट के पीछे विशेष रूप से बनाई गई गुप्त जगह में छिपा रखा था।
जानकारी के अनुसार, DRI अधिकारियों को विदेशी मूल के सोने की तस्करी से जुड़ी सूचना मिली थी। इसके आधार पर हैदराबाद जोनल यूनिट की टीम ने निगरानी शुरू की। जांच के दौरान कोलकाता से हैदराबाद आ रही एक KIA Seltos कार को निशाने पर लिया गया। अधिकारियों ने वाहन की जांच की तो उसमें सोना छिपाकर ले जाने का खुलासा हुआ।
टेल लाइट के पीछे बनाया था गुप्त ठिकाना
तस्करी के इस तरीके को देखकर अधिकारी भी सतर्क हो गए। आरोपियों ने कार की टेल लाइट के पीछे विशेष रूप से एक गुप्त कैविटी तैयार कराई थी। इसी जगह पर विदेशी मूल के सोने की 25 छड़ें छिपाई गई थीं, ताकि सामान्य जांच के दौरान सोने का पता नहीं चल सके। DRI अधिकारियों ने वाहन की विस्तृत तलाशी के दौरान छिपाकर रखे गए 2.98 किलोग्राम सोने को बरामद कर लिया। जब्त किए गए सोने की अनुमानित कीमत करीब 3.83 करोड़ रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
कस्टम्स एक्ट के तहत कार्रवाई
DRI ने सोने के साथ तस्करी में इस्तेमाल की गई KIA Seltos कार को भी जब्त कर लिया है। पूरी कार्रवाई सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 (Customs Act, 1962) के प्रावधानों के तहत की गई है। फिलहाल गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्तियों से पूछताछ और मामले की आगे की जांच जारी है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी मूल का सोना कहां से लाया गया था और इसे हैदराबाद में किसे पहुंचाया जाना था। इसके अलावा तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।