पीएम मोदी के 25 साल के जनसेवा कार्यकाल पर ‘सेवा संकल्प अभियान’, वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी सेवा यात्रा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का ऐलान किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर अभियान की रूपरेखा बताई। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होंगे। इस अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पत्रकारों को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर वडनगर से वाराणसी के बीच सेवा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा देश के 17 राज्यों से होकर गुजरेगी। अलग-अलग स्थानों पर युवाओं की टोलियां बनाई जाएंगी और प्रत्येक टोली में 50 युवा शामिल होंगे। इन यात्राओं और कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्म गुजरात के वडनगर में हुआ था और वह वर्तमान में वाराणसी से लोकसभा सांसद हैं। उन्होंने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक की यह यात्रा प्रधानमंत्री की राजनीतिक और जनसेवा यात्रा को जोड़ने का भी प्रतीक होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ आयोजित की जाएगी। इसके तहत देशभर में बाइक रैलियां और पदयात्राएं निकाली जाएंगी। इन कार्यक्रमों के दौरान लोगों से विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की जाएगी।
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब नरेंद्र मोदी ने देश की कमान संभाली, तब देश में निराशा और अंधकार का माहौल था और इसे ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ का दौर कहा जाता था। उस समय भारत की अर्थव्यवस्था को ‘फ्रैजाइल फाइव’ में गिना जाता था।
उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश ने अपनी अलग पहचान बनाई है और भारत की विश्वसनीयता तथा सम्मान में लगातार वृद्धि हुई है। भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि आज हर भारतीय सुरक्षा और सम्मान के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके प्रभाव को समाप्त करने की दिशा में उल्लेखनीय काम हुआ है। उनके अनुसार, पहले नक्सलवाद से प्रभावित 200 से अधिक जिले अब नक्सलमुक्त होकर सामान्य जनजीवन की ओर बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों को लेकर भी प्रधानमंत्री मोदी ने सोच में बदलाव किया। पहले इन गांवों को देश का ‘आखिरी गांव’ कहा जाता था, लेकिन सरकार ने उन्हें ‘भारत का प्रथम गांव’ कहकर नई पहचान देने का काम किया। इससे इन क्षेत्रों के विकास के साथ वहां रहने वाले लोगों के प्रति देश की सोच में भी बदलाव आया है।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सफर एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुआ और आज वह देश के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनके मुताबिक यह यात्रा स्पष्ट विजन, दृढ़ संकल्प और सामाजिक जीवन में लगातार गुणात्मक परिवर्तन लाने के प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि 25 करोड़ गरीब परिवारों को गरीबी से बाहर निकालने की सफलता प्रधानमंत्री के नेतृत्व और विजन का परिणाम है। सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री की सोच से गरीबों के जीवन में बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्ष की जनसेवा यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ-साथ आम लोगों को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का दायित्व है कि प्रधानमंत्री के जनसेवा और समर्पण के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।