पटना: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी के लिए अब महिलाओं के इस्तेमाल का एक और मामला सामने आया है. समस्तीपुर में नेहा की गिरफ्तारी के बाद अब पटना में रिया नाम की युवती शराब की खेप के साथ पकड़ी गई है. आरोप है कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही रिया उत्तर प्रदेश से ट्रेन के जरिए अंग्रेजी शराब लेकर पटना पहुंची थी. स्टेशन से बाहर निकलने के बाद वह बाइक से शराब लेकर जा रही थी, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया.
मामला पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र का है. एएसपी लॉ एंड ऑर्डर कोतवाली पटना कृष्ण मुरारी प्रसाद के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पटना जंक्शन के आसपास अवैध शराब की खेप पहुंचने वाली है. सूचना के आधार पर पुलिस ने निगरानी शुरू की. इसी दौरान बाइक से जा रही युवती और कुछ युवकों को रोककर तलाशी ली गई.
तलाशी के दौरान युवती के हैंड बैग और शोल्डर बैग से करीब 14 हजार रुपये कीमत की अंग्रेजी शराब बरामद हुई. पुलिस के मुताबिक बैग में आधा दर्जन से ज्यादा ब्रांडेड शराब की बोतलें थीं. बैग के अंदर शराब की बोतलें मिलने के बाद पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि उसके एक परिचित युवक ने उसे रुपये देने का लालच दिया था. उसी के कहने पर वह उत्तर प्रदेश गई और वहां से शराब लेकर ट्रेन के जरिए पटना पहुंची. युवती के मुताबिक उसे शराब की खेप पटना तक पहुंचाने के बदले पैसे देने की बात कही गई थी.
ट्रेन से पटना जंक्शन पहुंचने के बाद युवती शराब से भरे बैग लेकर स्टेशन से बाहर निकली. इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया. पुलिस अब उस युवक की भूमिका की जांच कर रही है, जिसने कथित तौर पर युवती को शराब लाने के लिए तैयार किया था.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवती पटना की रहने वाली है और एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती है. वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है. पूछताछ में युवती ने दावा किया कि वह इससे पहले शराब की तस्करी में शामिल नहीं रही है और पैसों के लालच में पहली बार यह काम करने के लिए तैयार हुई थी.
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किसे पहुंचाई जानी थी और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क और युवती के संपर्क में रहे लोगों की भी जानकारी जुटा रही है.
इससे पहले पुलिस ने समस्तीपुर से नेहा को गिरफ्तार किया था. वह दिल्ली से एसी फर्स्ट कोच में ब्रांडेड शराब की बोतलें लेकर बिहार जा रही थी. साथ उसका जीजा भी था. नेहा का पूरा परिवार तस्करी में शामिल है. वह डॉक्टरों और अमीर लोगों को शराब सप्लाई करती थी.
Tags: