Market. मंडी। सेब सीजन के बीच बंद सडक़ों ने सराज का मर्ज और बढ़ा दिया है। त्रासदी के कारण सडक़ें बेहाल हैं और सेब सीजन सामने खड़ा है। शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों का जायज़ा लिया और प्रभावित परिवारों की मदद की। उन्होंने कहा कि कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सडक़ें अभी नहीं बहाल हुई हैं। सेब का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में आपदा से जो बाग बगीचे बच गए हैं, उनके उत्पाद को बाजार तक पहुंचाना बहुत बड़ी चुनौती बन गई है। इस काम में तेजी लाने के लिए नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश के जेसीबी मशीन मालिकों से मदद करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिनके पास भी मशीन हैं, वे हमारी मदद करें और आपदा प्रभावित क्षेत्र में सडक़ें खोलने में उन्हें लगाएं। मशीनों के तेल आदि पर होने वाला खर्च हम वहन करेंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा प्रभावितों के नाम पर दानी सज्जनों की उदारता का कुछ लोग फ़ ायदा उठा रहे हैं। इसलिए दानी सज्जनों से आग्रह है कि आपदा राहत सही मायनों में प्रभावितों तक पहुंचे, इसलिए वेरिफकेशन भी करें। इसके लिए लोग प्रशासन या हमारी मदद ले सकते हैं। जयराम ने कहा कि दान करने वाले चेक साइन कर लें और उस पर अपनी इच्छानुसार अमाउंट भर लें और अपनी उपस्थिति मेें प्रभावित परिवारों को दें।