पहाड़ी से बस पर गिरा पत्थर, एक की मौत

Update: 2026-07-06 10:16 GMT
Mehla. मैहला। चंबा-भरमौर एनएच पर रविवार सुबह गैहरा के समीप पहाड़ी से भारी भरकम चट्टान के निजी बस पर आ गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों का मेडिकल कालेज चंबा में उपचार चल रहा है। जहां घायलों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। पुलिस ने रविवार दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने घटना की रपट रोजनामचे में डालकर विस्तृत कारणों की जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार गोली जीरो प्वाइंट के करीब 30 लोग चौरासी मंदिर परिसर में आयोजित शिव पूजन में हिस्सा लेने के बाद रविवार सुबह निजी बस में सवार होकर वापस घर को लौट रहे थे।


इसी दौरान गैहरा से करीब 50 मीटर पीछे अचानक पहाड़ी से भारी भरकम चट्टान टूटकर बस में आ गिरी। बस पर चट्टान गिरने के जोरदार धमाके से बस में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय जनता की मदद से सभी घायलों को चंबा अस्पताल ले जाया गया। जहां घायल साहिल ठाकुर पुत्र नाथो राम वासी गांव धरेड जीरो प्वाइंट गोली को चिकित्सक ने मृत घोषित करार दे दिया। घायल गिलमो देवी पत्नी मूलराज वासी गांव भस्डी डाकघर शेरपुर, कार्तिक पुत्र पवन कुमार वासी गांव व डाकघर गोली तहसील डलहौजी, गुड्डो देवी पत्नी व्यास देव निवासी गांव छाना मोड और विनता देवी वासी गांव भरड़ी डाकघर शेरपुर तहसील डलहौजी शामिल हैं। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस छानबीन कर रही है।
Tags:    

Similar News