बिना नोटिफिकेशन बंद कर दी सडक़

Update: 2024-05-11 11:30 GMT
सुबाथू। सुबाथू-धर्मपुर मार्ग शुक्रवार को बिना घोषणा के शाम छह बजे तक बाधित रहा, जिसके कारण न केवल वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा बल्कि इस अघोषित बंद मार्ग के चलते बुजुर्ग और महिला यात्रियों को भी बस सेवा के लिए करीब एक किलोमीटर कड़ी धूप में पसीना बहाना पड़ा। जानकारी के अनुसार मार्ग पर शुक्रवार को मरम्मत कार्य के चलते मार्ग को बंद किया गया था। लेकिन संबंधित विभाग ने आम जनता को इसकी सूचना देना जरूरी न समझी, जिसके कारण सैकड़ों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों की मानें तो पिछले एक वर्ष से सुबाथू-धर्मपुर मार्ग को मनमर्जी से बंद किया जा रहा है। लेकिन जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार जनता की समस्या पर चुप्पी साधे बैठी है।
छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता का कहना है कि सुबाथू-धर्मपुर मार्ग पर सेना के जवानों की ओर से वाहनों की आवजाही रोकी जा रही है। जबकि आरटीआई के जवाब में सेना ने इस मार्ग पर अपना कोई अधिकार नहीं बताया है। अब ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से भी इस मार्ग पर कोई सुविधा जनक कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि सुबाथू-धर्मपुर मार्ग पर करोड़ों की लागत से शुरू होने वाले कार्य में करीब एक किलोमीटर का विवादित हिस्सा छोड़ा गया है। इस बारे में छावनी परिषद सुबाथू के मनोनीत सदस्य रवि शर्मा ने कहा कि बिना सूचना के मार्ग बंद करना आम जनता को परेशान करने वाली बात है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना देने चाहिए।
Tags:    

Similar News