चुवाड़ी में मटमैले पानी से बढ़ा महामारी का खतरा

Update: 2026-07-25 12:04 GMT
Chuwari. चुवाड़ी। बरसात के मौसम में चुवाड़ी कस्बे में जलशक्ति विभाग की पेयजल पाइपें गंदे पानी की नालियों में मक्कडज़ाल की तरह उलझी होने और कई स्थानों पर गंदे पानी में डूबी रहने से महामारी फैलने की आशंका गहरा गई है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा सकता है। मानव कल्याण समिति के अध्यक्ष मनोहर लाल गुप्ता तथा हिमालय बचाओ समिति के उपाध्यक्ष उत्तमचंद कौशल ने कहा कि पेयजल पाइपों का गंदे पानी वाली नालियों और नालों से होकर गुजरना बेहद चिंताजनक है। उनका कहना है कि
बरसात के दौरान
दूषित पानी के संपर्क में आने से पेयजल प्रदूषित होने की आशंका बनी रहती है, जिससे किसी बडी महामारी का खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने बताया कि मक्कडजाल की तरह फैली इन पाइपों ने पानी निकासी की नालियों को भी बुरी तरह अवरुद्ध कर रखा है। स्थिति यह है कि नालियों की सफाई के लिए बेलचा चलाना तक मुश्किल हो गया है। लोगों ने दो टूक शब्दों में मांग उठाई है कि पेयजल पाइपों को तत्काल पानी निकासी वाली नालियों से हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थापित किया जाए, ताकि जल निकासी व्यवस्था भी सुचारू रहे और पेयजल भी सुरक्षित बना रहे। उधर, जलशक्ति विभाग के एसडीओ बलविंद्र सिंह ने बताया कि संबंधित मार्ग को चौडा करने का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन है। उन्होंने कहा कि सडक चौडीकरण कार्य के दौरान पेयजल पाइपों से जुडी समस्या का भी शीघ्र समाधान कर दिया जाएगा।
Tags:    

Similar News