Munger मुंगेर: जिले में आपदा प्रभावित इलाकों में प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया गया है और जरूरतमंद लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि आपदा प्रभावित लोगों के लिए पॉलिथीन सीट का वितरण किया गया है, ताकि उन्हें अस्थायी तौर पर रहने में परेशानी न हो। इसके साथ ही जिले में भोजन की व्यवस्था के लिए कम्युनिटी किचन भी संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में 15 कम्युनिटी किचन चल रहे हैं, जबकि शाम तक इनकी संख्या बढ़ाकर 27 कर दी जाएगी। इन किचन के माध्यम से प्रभावित परिवारों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
DM निखिल धनराज निप्पाणीकर ने बताया कि प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है। लोगों को जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा आपात स्थिति में मदद पहुंचाने के लिए बोट एंबुलेंस की शुरुआत की गई है।
प्रशासन का कहना है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और लोगों की जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य किए जा रहे हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावित इलाकों में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।