रेखा गुप्ता कुछ ही देर में लेंगी CM पद की शपथ, PM, शाह और नड्डा भी पहुंचे
नई दिल्ली: पीएम मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रामलीला मैदान पहुंच गए हैं. रामलीला मैदान पहुंचने पर रेखा गुप्ता ने उनका अभिवादन किया. शपथ ग्रहण समारोह थोड़ी देर में शुरू होगा.
बीजेपी विधायक रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुना गया है. वह रामलीला मैदान में आज सीएम पद की शपथ लेंगी. यह पार्टी के लिए ऐतिहासिक दिन है क्योंकि बीजेपी 27 साल बाद राजधानी में सत्ता में वापस लौटी है. सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं.
रेखा गुप्ता ने दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी को हराया था. रेखा गुप्ता इस सीट से 29000 से ज्यादा वोटों से जीती थीं. रेखा गुप्ता के साथ प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, पंकज सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और रविंद्र इंद्राज भी शपथ लेंगे.