रेप पीड़िता के पिता ने की आरोपी की हत्या, जमानत पर निकलते ही उतारा मौत के घाट

सनसनीखेज मामला

Update: 2021-08-21 14:47 GMT

गुजरात में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक रेप पीड़िता के पिता ने मामले में आरोपी को मौत के घाट उतार दिया। बताया जाता है कि उसने कसम खाई थी कि जब तक वह रेपिस्ट को जान से मार नहीं डालेगा बाल नहीं कटाएगा। मामला राजकोट के संत कबीर रोड का है। पुलिस ने पीड़िता के पिता और मदद करने के आरोप में उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक अक्टूबर 2020 में विजय मेर नाम का युवक एक अवस्यक लड़की के साथ भाग गया था। तब लड़की के पिता ने विजय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक कुछ दिनों तक लड़की का पता नहीं चला तो उसके पिता ने हाई कोर्ट की शरण ली। इसके बाद पुलिस ने लड़की का पता लगाया था। वह विजय के साथ जूनागढ़ के मानवादार कस्बे में रह रही थी। मार्च 2021 में पुलिस उन्हें लेकर वापस आई। इसके बाद पुलिस ने विजय के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। काफी समय तक जेल में रहने के बाद विजय कुछ हफ्ते पहले ही बाहर आया था।

पुलिस का कहना है कि जेल से बाहर आने के बाद वह लड़की के पिता को फोन करता था और फिर से उसके साथ भाग जाने की धमकी देता था। इससे आजिज आकर लड़की के पिता ने कसम खाई थी कि जब तक वह विजय को मौत के घाट नहीं उतार देगा, अपने बाल नहीं कटाएगा। पुलिस ने बताया कि इसके बाद उसने अपने दोस्त दिनेश की मदद ली और गुरुवार की रात विजय के ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि विजय के ऊपर उस वक्त हमला किया गया, जब वो किसी के साथ अपने घर के पास बैठा हुआ था। विजय के शरीर पर एक दर्जन से अधिक चोटें मिली हैं।

Tags:    

Similar News