रंजीत महतो हत्या मामला सुलझा, पत्नी और भांजे गिरफ्तार

गिरफ्तार

Update: 2025-11-07 17:08 GMT
Khunti. खूंटी। जिले में एक सप्ताह पहले हुई रंजीत महतो की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में रंजीत की पहली पत्नी सुगी देवी और उसके भांजे सोनू महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश और रंजीत की दूसरी शादी मुख्य कारण मानी जा रही है। पुलिस के अनुसार, रंजीत महतो का शव 31 अक्टूबर को खूंटी जिले के डहुपिड़ी के पास कदमा तालाब किनारे क्षत-विक्षत हालत में मिला। अगले दिन शव की पहचान रांची के सोनाहातू निवासी रंजीत महतो के रूप में हुई। वह खूंटी शहर के गिरजाटोली, महावीर कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था। 

एसडीपीओ वरुण कुमार रजक ने बताया कि रंजीत की दूसरी शादी रेणु देवी से हुई थी, जिससे उसकी पहली पत्नी सुगी देवी नाराज थी। इसी रंजिश में उसने अपने भांजे सोनू महतो और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। जांच के दौरान सुगी देवी और सोनू महतो को खूंटी और अमृतपुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की जिम्मेदारी स्वीकार कर ली। एसडीपीओ ने बताया कि सोनू महतो का आपराधिक इतिहास रहा है। .

गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त भुजाली, पेट्रोल की बोतल और घटना के दौरान पहने गए जले कपड़ों के अवशेष बरामद किए। पुलिस के अनुसार, कपड़े अपराध के साक्ष्य मिटाने के लिए जलाए गए थे। एसडीपीओ वरुण कुमार रजक के नेतृत्व में गठित टीम ने इस मामले का खुलासा किया। टीम में थाना प्रभारी मोहन कुमार, एसआई सीताराम दांगी, आदित्य कुमार, एएसआई अंजना मेरी बाड़ा, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने यह भी बताया कि दो अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है और उनके गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Tags:    

Similar News