घर में झगड़ा, बाहर खड़े युवक की मौत; सिलेंडर फेंकने के आरोप में एक हिरासत में
इलाके में हड़कंप.
सांकेतिक तस्वीर
दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के बिंदापुर इलाके में एक व्यक्ति और उसकी मां के बीच हुए झगड़े के दौरान, एक इमारत की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर फेंका गया भरा हुआ एलपीजी सिलेंडर एक 30 वर्षीय व्यक्ति के सिर पर जा लगा, जिससे उसकी मौत हो गई. एक एजेंसी के मुताबिक यह घटना शुक्रवार शाम करीब 6.30 बजे तालाब वाला पार्क इलाके में हुई, जब पीड़ित साहिल इमारत के बाहर खड़ा था.
पुलिस सूत्रों के अनुसार सिलेंडर अचानक तीसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिरा और साहिल के सिर पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोग उसे पहले पास के एक अस्पताल ले गए, और बाद में उसे दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में इमारत के मालिक के भतीजे, शिवम शर्मा को हिरासत में लिया है. आरोप है कि अपनी मां के साथ बहस के दौरान शर्मा ने बालकनी से सिलेंडर नीचे फेंक दिया. पड़ोसियों का कहना है कि शर्मा अक्सर शराब पीता था और घर में हंगामा करता था, जिसकी शिकायतें इमारत के मालिक से भी की गई थीं.
उन्होंने यह भी बताया कि शुक्रवार शाम को शर्मा और उसकी मां के बीच बहस हुई, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर सिलेंडर नीचे फेंक दिया. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सिलेंडर जानबूझकर फेंका गया था या फिर झगड़े के दौरान गलती से नीचे गिर गया. साहिल इस इमारत की ग्राउंड फ्लोर पर अपनी पत्नी और एक साल के बेटे के साथ किराएदार के तौर पर रहता था.