साइको किलर को मिली फांसी की सजा, 2 घंटे में कर दी थी 6 लोगों की हत्या
पढ़ें पूरी खबर
पलवल। हरियाणा के पलवल में 5 साल पहले 6 लोगों की हत्या करने वाले साइको किलर को न्यायाधीश प्रशांत राणा की कोर्ट ने मंगलवार को फांसी की सजा सुनाई। दोषी ने गिरफ्तारी के वक्त पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया था। उसे घायल अवस्था में पकड़ा गया था। बता दें कि 1 व 2 जनवरी 2018 की रात पलवल जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई थी जब 2 घंटे के अंतराल में नरेश धनखड़ नाम के शख्स ने 6 लोगों की हत्याएं कर दी थी। 4 लोगों को मारने के बाद आरोपी आगरा-मीनार गेट के पास पहुंचा था। यहां उसने एक चौकीदार को मौत के घाट उतारा और फिर इसके बाद थोड़ा आगे चल कर एक अस्पताल में घुसकर महिला की हत्या कर दी थी।
पुलिस को समझ ही नहीं आ रहा था कि एक के बाद एक मिल रही लाश एक ही व्यक्ति द्वारा की गई हत्या है। हत्या का पैटर्न भी एक जैसा था। नरेश धनखड़ ने जिनकी हत्या की उन पर सबसे पहले सिर पर ही वार किए थे। एक साथ 6 लोगों की हत्या होने के बाद जिले में सनसनी फैल गई थी। दरअसल, साइको किलर नरेश धनखड़ 1999 में सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर भर्ती हुआ था। वहां पर समय से पहले रिटार्यमेंट लेकर वह कृषि विभाग में 2016 में एडीओ भर्ती हो गया। बाद में उसका प्रमोशन एसडीओ के पद पर हुआ था। नरेश धनखड़ मछगर गांव का रहने वाला है। उसकी हरकतों के चलते उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर जा चुकी थी। 6 हत्याओ को आरोप में कोर्ट ने उसे दोषी ठहराया था। मंगलवार को कोर्ट ने उसे फांसी की सजा सुनाई है।