कार्तिगई दीपम विवाद पर मदुरै में प्रदर्शन, कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया
कार्तिगई दीपम विवाद के बीच 5600 पुलिसकर्मी तैनात
तमिलनाडु। तिरुपरनकुंद्रम कार्तिगई दीपम विवाद को लेकर तमिलनाडु के मदुरै में विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई लोगों को हिरासत में लिया। धार्मिक परंपरा से जुड़े इस मुद्दे को लेकर राज्य में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर हलचल बढ़ गई है। प्रदर्शनकारियों ने तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीप स्तंभ (दीपथून) पर कार्तिगई दीपम जलाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सरकार के फैसले का विरोध किया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को विशेष अनुमति के तहत दीपथून पर दीप प्रज्वलित करने की मंजूरी दी थी। न्यायालय ने मंदिर प्रशासन की ओर से अधिकृत टीम को ही धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करने की अनुमति दी थी। वहीं, तमिलनाडु सरकार ने इस आदेश की समीक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी।
विवाद के मद्देनजर तिरुपरनकुंद्रम और आसपास के इलाकों में करीब 5,600 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। जिला प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है। इसके अंतर्गत बिना अनुमति प्रदर्शन, जुलूस और सार्वजनिक सभाओं पर प्रतिबंध लगाया गया है।
कार्तिगई दीपम तमिलनाडु के प्रमुख धार्मिक त्योहारों में शामिल है। इस अवसर पर दीप प्रज्वलित करने की विशेष परंपरा है। हालांकि, तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने के स्थान को लेकर विवाद बना हुआ है। इस मुद्दे पर विभिन्न हिंदू संगठनों और राजनीतिक दलों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। फिलहाल हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों की कुल संख्या स्पष्ट नहीं है।