प्रियंका गांधी आज मथुरा में जनसंपर्क और आगरा में करेंगी रोड शो

Update: 2022-02-08 00:41 GMT

आगरा। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उप्र प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा आज आगरा जा रही हैं। वह खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो कर समर्थन जुटाएंगी। चार माह के अंदर उनका यह तीसरा आगरा दौरा होगा। प्रियंका के साथ आचार्य प्रमोद कृष्णम आ सकते हैं।

पहले चरण में जिन जिलों 10 में फरवरी को मतदान होना है, वहां चुनाव प्रचार का शोर मंगलवार शाम छह बजे थम जाएगा। राजनीतिक दलों द्वारा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन पूरी ताकत झोंकने की तैयारी है। सूबे में अकेले चुनाव लड़ रही कांग्रेस भी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में प्रियंका गांधी वाड्रा का कार्यक्रम लगाया गया है। वह मथुरा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद हेलीकाप्टर से खेरागढ़ मंडी पहुंचेंगी। वहां से उनका रोड शो शुरू होगा। बाजार में करीब 3.5 किमी का रोड शो कर वह वापस मंडी पहुंचेंगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू ने बताया कि खेरागढ़ विधानसभा में राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का रोड शो मंगलवार दोपहर होगा। उनके साथ आचार्य प्रमोद कृष्णम भी यहां आ सकते हैं।

प्रियंका गांधी वाड्रा की सभा रामलीला मैदान में सात अक्टूबर की तय की गई थी। शारदीय नवरात्र का पहला दिन होने की वजह से यह सभा स्थगित कर दी गई थी। उनकी सभा तो आगरा में नहीं हो सकी, लेकिन इस दरम्यान वह दो बार आगरा आईं। 20 अक्टूबर को पुलिस हिरासत में अरुण की मौत के बाद प्रियंका आगरा आई थीं। अरुण के स्वजन से उन्होंने पुल छिंगा मोदी स्थित घर पर मुलाकात की थी। इसके बाद वह 28 दिसंबर को आगरा आईं। वाल्मीकि वाटिका में उन्होंने वाल्मीकि समाज के तख्त चौधरियों और पंचों से मुलाकात कर चुनाव लड़ाने को समाज के एक व्यक्ति का नाम मांगा था। छावनी विधानसभा क्षेत्र से सिकंदर वाल्मीकि को प्रत्याशी बनाकर पार्टी ने उनका वादा निभाया। खेरागढ़ में रोड शो उनका तीसरा आगरा दौरा होगा।


Tags:    

Similar News