फिलीपींस यात्रा पर प्रधानमंत्री मोदी, बोले- 'आसियान देशों के साथ मित्रता को विशेष महत्व देता है भारत'
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को फिलीपींस दो दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए। वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि भारत, आसियान देशों के साथ अपनी घनिष्ठ मित्रता को बहुत अधिक महत्व देता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "मैं आज और कल फिलीपींस के मनीला में रहूंगा, जहां मैं 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लूंगा।"
उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, "भारत, आसियान देशों के साथ अपनी घनिष्ठ मित्रता को बहुत अधिक महत्व देता है। मैं फिलीपींस में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत करने के लिए भी उत्सुक हूं।"
भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा को लेकर कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16-17 नवंबर को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फिलीपींस के मनीला के 2 दिवसीय दौरे पर रवाना हुए हैं।"
विदेश मंत्रालय ने 'एक्स' पर लिखा, "इस यात्रा से आसियान देशों के साथ भारत की साझेदारी और आसियान-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा।" इससे पहले, दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (आसियान) के भारतीय राजदूत श्रीनिवास गोत्रू ने प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर आईएएनएस से कहा, "यात्रा के दौरान निश्चित रूप से कुछ ठोस परिणामों की घोषणा होगी। नेताओं की मुलाकात के बाद आने वाले दिनों में चर्चा होगी।"
उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे हमारे संबंधों को और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह एक वार्षिक शिखर प्रक्रिया है, जहां नेता द्विपक्षीय प्रारूप में आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और क्षेत्रीय प्रारूप में एक साथ समय बिताते हैं।
श्रीनिवास ने कहा, "आसियान के सभी सदस्यों के साथ नेतृत्व स्तर पर लगातार उच्च स्तरीय संवाद हुआ है। पीएम ने ईस्ट एशिया समिट और आसियान के नेतृत्व वाले सभी मंचों में नियमित रूप से भाग लिया है। नेतृत्व स्तर के इस संवाद ने संबंधों को गति दी है, इससे मुद्दों को सुलझाने और रिश्तों को अगले स्तर तक ले जाने में मदद मिली है।"
ईस्ट एशिया समिट को लेकर श्रीनिवास ने कहा, "यह आसियान के नेतृत्व वाला एक तंत्र है, जहां नेता हर साल मिलते हैं। इसमें सिर्फ आसियान ही नहीं, बल्कि आसियान प्लस आठ देश भी शामिल हैं, जिनमें क्षेत्र में अहम हित रखने वाले सभी प्रमुख देश सदस्य हैं। ये हमारे लिए बहुत अहम मंच है। इसमें भू-राजनीतिक, समुद्री सहयोग से लेकर आर्थिक सहयोग को लेकर बात होगी।"