Delhi दिल्ली: दिल्ली में इमारत गिरने की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संदेश में कहा, "दिल्ली में इमारत गिरने की दुर्घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।
राष्ट्रपति का यह बयान दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए भीषण इमारत हादसे के बाद सामने आया है। हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए कई एजेंसियों की टीमें मौके पर जुटीं।
दिल्ली पुलिस की ताजा जानकारी के मुताबिक, हादसे में चार लोगों की मौत हो चुकी है। मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है और पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संभावित आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने भी हादसे पर दुख जताया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटा है। इमारत से जुड़े दस्तावेजों और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। राहत अभियान के साथ घायलों के उपचार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
Tags: