Market. मंडी। नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों और उपप्रधानों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में तैयारियां जोरों पर हैं। 15 जून को आयोजित होने वाले समारोह के लिए विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है, जहां जिले भर से आने वाले 577 पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों और अतिथियों के बैठने की विशेष व्यवस्था की जा रही है। नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पंचायती राज मंत्री अनिरूद्घ सिंह शपथ दिलवाएंगे। पड्डल मैदान में मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं।
ताकि समारोह का आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके। शपथ ग्रहण समारोह में जिले की विभिन्न पंचायतों से चुने गए प्रधान और उपप्रधान भाग लेंगे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों को उनके पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। कार्यक्रम को लेकर नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों में भी उत्साह का माहौल है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है ताकि समारोह में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पड्डल मैदान में चल रही तैयारियां इस बात का संकेत दे रही हैं कि समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रबंध किए जा रहे हैं। समारोह के माध्यम से नवचयनित जनप्रतिनिधि अपने कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत करेंगे और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने का संकल्प लेंगे।