महिला कैदी के आरोप पर पुलिस अफसर सस्पेंड, गिरफ्तारी की तलवार लटकी

पढ़े पूरी खबर

Update: 2026-04-02 02:16 GMT

महाराष्ट्र। अकोला में खाकी को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। ASI राजेश जाधव को महिला कैदी की बेटी से यौन संबंधों की मांग करने और 10 हजार रुपये का लालच देने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है। पूरी खबर पढ़ें।

महाराष्ट्र के अकोला जिले से एक बेहद शर्मनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 54 वर्षीय असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) को एक महिला कैदी की बेटी से 'सेक्स संबंधों' की मांग करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। रक्षक के ही भक्षक बन जाने की इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

यह घटना अकोला के सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन की है। पुलिस के मुताबिक, 80 लाख रुपये के वित्तीय धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार की गई एक महिला को पुलिस स्टेशन के लॉकअप में रखा गया था। मंगलवार को एएसआई राजेश जाधव वहां ड्यूटी पर तैनात था। आरोप है कि इसी दौरान उसने अपने पद और वर्दी का दुरुपयोग करते हुए महिला को पैसों का लालच दिया और उसकी बेटी को उसके (ASI के) पास भेजने की घिनौनी मांग कर डाली। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी ने महिला कैदी से बेहद बेशर्मी से कहा, 'तुम बहुत खूबसूरत हो, तुम्हारी बेटी भी जरूर खूबसूरत होगी। उसे मेरे पास भेज दो, मैं तुम्हें इसके बदले 10,000 रुपये दूंगा।'

इस घटना के बाद पीड़ित महिला ने चुप रहने के बजाय तुरंत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से इसकी शिकायत की। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आरोपी एएसआई को उसकी इस करतूत के लिए जमकर फटकार लगाते हुए नजर आ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक (SP) अर्चित चांडक ने मंगलवार को त्वरित कार्रवाई की और एएसआई जाधव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आरोपी एएसआई के खिलाफ महिला की लज्जा भंग करने और अन्य प्रासंगिक कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक सस्पेंड होने के बाद से ही आरोपी जाधव फरार चल रहा है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।


Tags:    

Similar News