पुलिस के हाथ लगी सफलता: हत्याकांड का खुलासा, चायवाले ने की मदद

हत्या के बाद से परेशान था।

Update: 2024-05-26 05:01 GMT
आगरा: आगरा में एक चाय वाले की सूचना पर सिकंदरा पुलिस ने शनिवार को हत्याकांड का खुलासा किया। युवक 21 मई से लापता चल रहा था। थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज थी। मामूली विवाद और मारपीट की वजह से हत्या की गई थी। हत्यारोपी हत्या के बाद से परेशान था। उसे आत्मगिलानी हो रही थी। सो नहीं पा रहा था। नशे में उसने चाय की दुकान पर सब कुछ उगल दिया। चायवाले ने पुलिस को सूचना दे दी। इंस्पेक्टर सिकंदरा नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि कैलाश मार्ग पर सैफ अली का सैलून है। उसने पुलिस को सूचना दी कि उसका कर्मचारी उस्मान (22) लापता है। वह उसकी दुकान पर ही रहता था। मूलत संभल का निवासी है।
पिछले करीब डेढ़ साल से उसकी दुकान पर काम कर रहा था। पुलिस ने तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की। उस्मान की तलाश में जुट गई। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने इलाके में अपने खबरियों को सक्रिय किया। उस्मान का फोटो दिखाया। सभी से कहा गया कि कोई जानकारी मिले तो बताएं। थाने के पास एक चाय की दुकान है। चाय वाले ने गोपनीय रूप से पुलिस को सूचना दी कि उसकी दुकान पर एक युवक आया था। नशे में था। बोल रहा था कि उससे बहुत बड़ी भूल हो गई। उसने एक युवक को मार डाला। लाश मरियम टाम्ब के पास खंडहर में है।
सूचना को पुलिस ने गंभीरता से लिया। खंडहर में पहुंची। वहां एक युवक की लाश मिली। शव में कीड़े लग चुके थे। जेब में आधार कार्ड मिला। जिससे मरने वाले की पहचान लापता उस्मान के रूप में हुई। पुलिस अब उस युवक की तलाश में जुट गई जिसने चाय वाले की दुकान पर नशे में हत्या की बात कबूल की थी। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। पुलिस ने युवक को खोज निकाला। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम अनिल कुमार कठेरे बताया। आरोपित मूलत ग्राम जदोई, सादाबाद का निवासी है। कैलाश ओवर ब्रिज के पास फुटपाथ पर रहता है।
पुलिस ने आरोपित अनिल कुमार कठेरे से पूछा कि वह उस्मान को कब से जानता था। अनिल ने पुलिस को बताया कि पहली बार 21 मई की दोपहर को मुलाकात हुई थी। कैलाश ओवरब्रिज पर उसका उस युवक से विवाद हो गया था। युवक ने उसे पीट दिया था। उसने उसी समय हत्या की ठान ली। युवक से दोस्ती कर ली। उसे अपने साथ शराब पिलाने के लिए ले गया। मरियम टाम के पास खंडहर में गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बार सिर पर ईंट से कई प्रहार किए। पुलिस ने पूछा कि विवाद किस बात पर हुआ था। हत्यारोपी ने बताया कि युवक ने उसे यह कहकर पीटा था कि रास्ता रोककर बैठा हुआ है।
Tags:    

Similar News

-->