नई दिल्ली: नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में पुलिस और चेन छीनने वाले बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से चोरी की 1 मोटरसाइकिल, चेन छीनने की घटनाओं से जुड़े 2,19,000 रुपये नकद और अवैध हथियार बरामद हुए हैं।
नोएडा के एडीसीपी ने बताया कि गुरुवार की रात अधिकारियों के निर्देश पर जिले में वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच की जा रही थी। इसी कड़ी में सेक्टर 39 थाना पुलिस द्वारा सेक्टर 43 में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सेक्टर 49 की रेड लाइट पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति एक बाइक पर आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया तो वे तेजी से भागने लगे। भागते समय बारिश के कारण संदिग्धों की बाइक फिसलकर गिर गई। दोनों संदिग्ध खुद को घिरा हुआ देखकर और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।
एडीसीपी ने आगे बताया कि घायल बदमाशों को तुरंत हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम सलमान और तनवीर बताया। दोनों के खिलाफ दिल्ली एनसीआर में लूट, चूरी और छिनैती के क्रमशः 48 और 54 मुकदमे दर्ज हैं। इनके पास से दो तमंचे, कारतूस, चोरी की बाइक और 2 लाख 19 हजार रुपये बरामद हुए हैं। इस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इसके पहले नोएडा पुलिस ने सेक्टर-63 इलाके में मुठभेड़ के दौरान एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया था। सेक्टर-63 थाने की पुलिस टीम देर रात गढ़ी गोल चक्कर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की बाइक वहां पहुंची। बाइक सवार ने पुलिस को देखकर भागते समय पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया।
पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायर किया। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल होकर मौके पर ही गिर गया। घायल बदमाश की पहचान शिवम उर्फ शुभम राजपूत (28) के रूप में हुई, जो सेक्टर-63 के आश्रम क्षेत्र का रहने वाला है। मौके से पुलिस ने एक बाइक बरामद की, जिसके बारे में जांच में पता चला कि वह चोरी की बाइक थी। इसके अलावा, पुलिस टीम ने .315 बोर का अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए।
Tags: