यूपी। आगरा में आज शनिवार को करणी सेना की प्रस्तावित ‘स्वाभिमान रैली’ को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. राणा सांगा जयंती पर आयोजित यह जनसभा एतमादपुर क्षेत्र के गढ़ी रामी गांव में हो रही है. इसमें शामिल होने के लिए शुक्रवार रात से ही अलग-अलग जिले और शहरों से लोग पहुंचने शुरू हो गए. इस रैली के लिए लगभग 50,000 स्क्वायर मीटर के खेत को समतल कर सभा स्थल में तब्दील किया गया है और हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है.
दरअसल, समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन द्वारा राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान पर विवाद गहराता जा रहा है. इसी बयान के विरोध में इस जनसभा का आयोजन किया जा रहा है. इससे पहले करणी सेना ने 26 मार्च को रामजी लाल सुमन के आवास पर प्रदर्शन कर तोड़फोड़ की थी, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे, जिनमें कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल थे. घटना के संबंध में 27 मार्च को आगरा के हरिपर्वत थाने में हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में दो मुकदमे दर्ज किए गए थे.
करणी सेना ने अब चेतावनी दी है कि अगर आज शाम पांच बजे तक उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे सांसद सुमन के आवास की ओर कूच करेंगे. क्षत्रिय करणी सेना के अध्यक्ष राज शेखावत ने साफ कहा है कि इस बार आंदोलन निर्णायक होगा.