फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस ने टिंडर डेटिंग ऐप के जरिए लोगों से दोस्ती कर लूटपाट और ब्लैकमेलिंग करने के आरोप में मां-बेटी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों पहले डेटिंग ऐप पर लोगों से दोस्ती करती थीं और फिर उन्हें होटल में मिलने के लिए बुलाती थीं। वहां नशीला पदार्थ पिलाकर उनके साथ लूटपाट की जाती थी। इसके अलावा दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसे वसूलने का भी आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं में मां की उम्र 50 वर्ष और बेटी की उम्र 24 वर्ष है। पुलिस ने मां को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया, जबकि बेटी को उत्तर प्रदेश के रायबरेली से पकड़ा गया। दोनों मूल रूप से रायबरेली की रहने वाली हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी मां-बेटी पिछले करीब पांच वर्षों से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रही थीं। दोनों डेटिंग ऐप के माध्यम से लोगों से संपर्क करती थीं। दोस्ती बढ़ने के बाद उन्हें होटल में बुलाया जाता था, जहां कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाकर लूटपाट की जाती थी।
पुलिस के अनुसार, दोनों पर लोगों को दुष्कर्म के झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और रकम वसूलने का भी आरोप है। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिलाओं ने केवल फरीदाबाद ही नहीं, बल्कि गुरुग्राम, गुजरात के सूरत और अंडमान-निकोबार में भी लोगों को निशाना बनाया है। इस मामले में दोनों की गिरफ्तारी के बाद उनके कथित आपराधिक नेटवर्क और वारदातों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दोनों लंबे समय से अलग-अलग स्थानों पर लोगों को अपना शिकार बना रही थीं।
Tags: