नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अनुज श्रीवात्री को भारत का 100वां शतरंज ग्रैंडमास्टर बनने पर बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि को एक अहम पड़ाव बताया, जो देश की बढ़ती प्रतिभा, समर्पण और युवाओं के बीच इस खेल की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने 'X' (ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा, "भारत ने शतरंज में शतक लगा दिया है! कमाल है, है ना? अब भारत में 100 शतरंज ग्रैंडमास्टर हो गए हैं!"
प्रधानमंत्री मोदी ने अनुज श्रीवात्री की उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा कि भारत का 100 ग्रैंडमास्टर के आंकड़े तक पहुंचना, यहां के खिलाड़ियों की जबरदस्त प्रतिभा, समर्पण और कड़ी मेहनत को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने देश के अलग-अलग हिस्सों से उभर रही युवा शतरंज प्रतिभाओं के वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने पर भी खुशी जताई। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह उपलब्धि और भी युवाओं को इस खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, "अनुज श्रीवात्री को भारत का 100वां शतरंज ग्रैंडमास्टर बनने पर बधाई! यह वाकई एक शानदार उपलब्धि है। भारत का 100 ग्रैंडमास्टर तक पहुंचना एक अहम पड़ाव है, जो हमारे खिलाड़ियों की जबरदस्त प्रतिभा, समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ-साथ युवाओं के बीच शतरंज की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।"
"यह देखकर बहुत खुशी होती है कि देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा शतरंज प्रतिभाएं सामने आ रही हैं और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। उम्मीद है कि यह उपलब्धि और भी युवाओं को शतरंज अपनाने और इसमें उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।"
मध्य प्रदेश के रहने वाले 22 वर्षीय अनुज श्रीवात्री ने 8 नवंबर को फिलीपींस में आयोजित '7वीं आसियान प्लस इंडिविजुअल ओपन शतरंज चैंपियनशिप' जीतकर ग्रैंडमास्टर का खिताब हासिल किया। वह यह प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल करने वाले मध्य प्रदेश के पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं।
ओजामिज़ सिटी में आयोजित इस टूर्नामेंट में उन्होंने नौ राउंड में सात अंक हासिल किए, जो वियतनाम के गुयेन डुक होआ से आधा अंक अधिक था।
अपना पहला गेम हारने के बाद, अनुज श्रीवात्री ने शानदार वापसी की और बाकी आठ राउंड में छह जीत दर्ज कीं तथा दो गेम ड्रॉ खेले। आखिरी राउंड में ऑस्ट्रेलिया के जेम्स मॉरिस के खिलाफ मिली जीत ने उन्हें टूर्नामेंट का खिताब दिलाया और इसी के साथ उन्होंने ग्रैंडमास्टर बनने का मुकाम भी हासिल कर लिया।