धमाके पर बोले PM मोदी, षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा...गृहमंत्री शाह के आवास पर हुई हाई लेवल मीटिंग खत्म
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में हुए ब्लास्ट पर कहा कि इस धमाके के पीछे शामिल षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा. वे इस दौरान भूटान के दौरे पर हैं. उन्होंने वहां पर स्पीच देते हुए ये बात कही है. पीएम मोदी ने अपनी स्पीच शुरू करते हुए कहा, "आज मैं यहां बहुत भारी मन से आया हूं. कल शाम दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्यथित कर दिया है. इसके पीछे को षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा. पूरा देश पीड़ितों के साथ खड़ा है."
उन्होंने आगे कहा कि मैं कल रातभर इस घटना की जांच में जुटी सभी एजेंसियों के साथ, सभी महत्वपूर्ण लोगों के साथ संपर्क में था. विचार-विमर्श चल रहा था, जानकारियों के तार जोड़े जा रहे थे. हमारी एजेंसियां इस षड्यंत्र की तह तक जाएंगी.
नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज का दिन भूटान के लिए, भूटान के राज परिवार के लिए और विश्व शांति में विश्वास रखने वाले सभी लोगों के लिए बहुत अहम है. सदियों से भारत और भूटान का संबंध बहुत ही गहन, आत्मीय और सांस्कृतिक रहा है. इसलिए, इस महत्वपूर्ण अवसर पर शामिल होना, भारत का और मेरा कमिटमेंट था."
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज यहां एक तरफ ग्लोबल पीस प्रेयर फेस्टिवल का आयोजन हो रहा है और दूसरी ओर भगवान बुद्ध के पिपरहवा अवशेषों के दर्शन हो रहे हैं. इन सबके साथ हम सब द फोर्थ किंग के 70वें जन्मदिन समारोह के साक्षी बन रहे हैं. ये आयोजन और इतने सारे लोगों की गरिमामय उपस्थिति, इसमें भारत और भूटान के रिश्तों की मजबूती नजर आती है."
उन्होंने आगे कहा कि आप में से बहुत से लोग नहीं जानते कि मेरा जन्मस्थान वडनगर, बौद्ध परंपरा से जुड़ा हुआ है. मेरी कर्मभूमि, वाराणसी भी बौद्ध भक्ति का स्थान है. इसीलिए इस समारोह में आना खास है. शांति के लिए मेरी प्रार्थना का यह दीपक भूटान और पूरी दुनिया के हर घर को रोशन करे.
नरेंद्र मोदी ने कहा, "2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मुझे अपनी पहली विदेश यात्रा में भूटान आने का अवसर मिला था. मैं आज भी उस यात्रा को याद करता हूं, तो मन भावनाओं से भर जाता है. भारत और भूटान के संबंध इतने सशक्त और समृद्ध हैं कि हम मुश्किलों में भी साथ थे, हमने चुनौतियों का सामना भी मिलकर किया. आज जब हम प्रोग्रेस और प्रॉस्पेरिटी की तरफ चल पड़े हैं, तब भी हमारा साथ और मजबूत हो रहा है."
दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार धमाके को लेकर होम मिनिस्टर अमित शाह ने उच्च स्तरीय मीटिंग की है. गृह मंत्री की अध्यक्षता में उनके ही आवास पर मंगलवार को मीटिंग हुई है. इस मीटिंग में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन मौजूद थे. इसके अलावा इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक तपन डेका और NIA के महानिदेशक सदानंद वसंत दाते और दिल्ली पुलिस के कमिश्नर सतीश गोलचा भी पहुंचे थे. इस मीटिंग में जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी नलिन प्रभात भी वर्चुअली ही जुड़े. दिल्ली में हुए बम धमाके में 13 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं. इस भीषण धमाके के बाद से दिल्ली, मुंबई, यूपी समेत देश के तमाम राज्यों और संवेदनशील इलाकों में अलर्ट है.