मेले से लौट रहा पिकअप खाई में गिरा, एक की मौत 11 घायल
पिकअप खाई में गिरा 12 लोग थे सवार
Purola. पुरोला। उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र में मंगलवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फतेहपर्वत पट्टी के खन्यासणी गांव में आयोजित जांगड़ा मेले से लौट रहा एक पिकअप वाहन खन्यासणी-पुजेली मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना है, जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। जानकारी के मुताबिक, हड़वाड़ी गांव के ग्रामीण जांगड़ा मेले में शामिल होने के लिए खन्यासणी गए थे। मंगलवार शाम करीब पांच बजे सभी पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान खन्यासणी और पुजेली गांव के बीच वाहन अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकालने में मदद की।
घायलों को देर शाम करीब सात बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार घायलों में मस्तू (45), अरविंद सिंह (23), रमेश सिंह (40), राधा (28), साइकिलू (35), शिशपाल (32), जगमोहन (50) और माघी देवी (33) शामिल हैं। इनमें अधिकांश लोग हड़वाड़ी और पुजेली गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। तीन घायलों और मृतक की पहचान से जुड़ी जानकारी तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी थी।
हादसे की सूचना मिलने के बाद मोरी से पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार संयुक्त टीम की ओर से घटनास्थल पर सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश ने बचाव कार्य को मुश्किल बना दिया। दूरसंचार सेवाएं प्रभावित होने के कारण हादसे की जानकारी प्रशासन तक पहुंचने में भी देरी होने की बात सामने आई है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की सड़क पहले से ही बदहाल स्थिति में है। बारिश के दौरान मार्ग पर आवागमन और अधिक जोखिम भरा हो जाता है। पहाड़ी इलाका होने के कारण दुर्घटना के बाद राहत और बचाव कार्य में भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। संबंधित टीमें घटनास्थल पर स्थिति का जायजा ले रही हैं। मृतक और शेष घायलों की पहचान तथा उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।