Shimla. शिमला। जिला में तीन चरणों में पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। शनिवार को तीसरे और अंतिम चरण के मतदान के साथ चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई। जिले में तीनों चरणों के दौरान मतदान प्रतिशत 80 फीसदी से अधिक दर्ज किया गया। चुनाव में 100 वर्ष से अधिक आयु के कई बुजुर्ग मतदाताओं ने मतदान किया। 109 वर्ष तक की आयु के मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कई बुजुर्ग परिवार के सदस्यों के सहारे तथा कुछ व्हीलचेयर की मदद से मतदान केंद्रों तक पहुंचे। पहली बार मतदान करने वाले हजारों युवा भी मतदान केंद्रों पर पहुंचे।
कई स्थानों पर युवाओं ने मतदान के बाद मिठाइयां बांटी और सेल्फी लेकर इस अवसर को यादगार बनाया। पंचायत चुनाव में युवा उम्मीदवारों की भी भागीदारी रही। ठियोग उपमंडल की जोधपुर पंचायत में 24 वर्षीय युवती प्रधान और 25 वर्षीय युवा उपप्रधान चुना गया। चुनाव के दौरान गांवों में मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं ने भाग लिया। जिला शिमला की कई पंचायतों में बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए पीठ और पालकियों का इस्तेमाल किया गया। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने बुजुर्गों को सहारा देकर मतदान केंद्र तक पहुंचाया। रामपुर में बुजुर्ग मतदाताओं का हार पहनाकर स्वागत भी किया गया। इसके साथ ही युवाओं की सहभागिता को भी सराहा।