नई दिल्ली: विदेश मंत्रालय की प्रेस कांफ्रेंस शुरू हो गई है. विदेश सचिव विक्रम मिसरी, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह मौजूद हैं. सरकार की तरफ से 2 दिन में यह दूसरी प्रेस कांफ्रेंस है. 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी गई थी. इससे पहले दिन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक हुई थी.
इसमें बताया गया था कि मंगलवार रात 1:04 बजे से 1:28 बजे के बीच 24 मिनट में 9 टारगेट तबाह किए गए. देश के इतिहास में पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस में आर्मी की कर्नल सोफिया कुरैशी और एयरफोर्स की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी. विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी मौजूद थे.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है. इसी के मद्देनजर PM नरेंद्र मोदी ने आज भारत सरकार के कई विभागों के सचिवों की हाई लेवल मीटिंग की अध्यक्षता की, जहां पीएम ने राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित हाल के घटनाक्रमों को लेकर चर्चा की. प्रधानमंत्री मोदी ने परिचालन निरंतरता और संस्थागत लचीलापन बनाए रखने के लिए मंत्रालयों और एजेंसियों के बीच निर्बाध समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया.
मीटिंग में सभी सचिवों को अपने-अपने मंत्रालय के कार्यों की व्यापक समीक्षा करने तथा आवश्यक सिस्टम के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें तत्परता, आपातकालीन प्रतिक्रिया और आंतरिक संचार प्रोटोकॉल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
भारत-PAK तनाव के बीच कई विदेशी एयरलाइनों ने डायवर्ट कीं फ्लाइट्स
भारत द्वारा पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों पर हमले के बाद अमेरिका की यूनाइटेड एयरलाइंस और कोरियन एयर समेत कई एयरलाइनों की फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं हैं या रद्द कर दी गई हैं. जबकि भारत में दर्जनभर एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार फ्लाइट्स ट्रैकिंग वेबसाइट्स की तस्वीरों में दिख रहा है कि हमले के बाद ओमान, यूएई और कुवैत के ऊपर से गुजरने वाली एयरलाइनों की लंबी कतार दिखाई दे रही है, जिससे हवाई क्षेत्र में भीड़भाड़ की संभावना बढ़ गई है.