Hospice. धर्मशाला। कांगड़ा के जिला मुख्यायल धर्मशाला में अब सचिवालय परिसर व डीसी आफिस की पार्किंग भी पेड हो जाएंगी। इसके लिए बाकायदा प्रशासन की ओर से बूम वैरियर लगाकर गुमटियां भी बनाई जा रही हैं। हालांकि पिछले करीब एक दशक से यह पार्किंग बिना किसी टिकट के ही चल रही थी। इन्हें ठेके पर देने के लिए करीब दो बार टेंडर प्रक्रिया भी की गई, लेकिन बात सिरे नहीं चढ़ पाई, जिसके चलते अब प्रशासन अपने स्तर पर इन्हें पेड करने की तैयारी कर रहा है। अब डीसी आफिस या सचिवालय परिसर में चल रहे कार्यालयों में आने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने के लिए शुल्क देना पड़ेगा। इसके लिए बाकायदा बूम वैरियर लगाकर पार्किंग में आने व जाने वाले वाहनों को नियंत्रित किया जाएगा। यानि अब दोनों ही पार्किंग अब भुगतान के आधार पर संचालित होंगी।
जिससे आगंतुकों को अपने वाहनों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पार्क करने की सुविधा मिलेगी। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती चरण में इस पार्किंग का संचालन उपायुक्त कार्यालय द्वारा ही किया जाएगा। यह निर्णय शहर में बढ़ती यातायात भीड़ और पार्किंग की समस्या को देखते हुए लिया गया है। डीसी आफिस व सचिवालय परिसर में आने वाले लोगों, खासकर सरकारी कामकाज के लिए आने वाले आगंतुकों को अकसर पार्किंग की समस्या का सामना करना पड़ता था। यहां सुबह से ही पार्किंग भर जाती थी और दिन में अपना काम करवाने आने वालों को स्थान भी नहीं मिल पाता था। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने स्पष्ट किया कि पार्किंग के संचालन का प्रारंभिक चरण उपायुक्त कार्यालय के सीधे नियंत्रण में होगा। इसका उद्देश्य एक सुचारु और कुशल प्रणाली स्थापित करना है। संभावना है कि इसके संचालन के लिए किसी अन्य एजेंसी या निजी आपरेटर को भी शामिल किया जा सकता है, लेकिन शुरुआती फोकस आंतरिक प्रबंधन पर है।