न्यूज़ क्रेडिट: हिंदुस्तान
नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी का 'राष्ट्रपत्नी' कहने का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अधीर रंजन के अलावा सत्ता पक्ष के सांसद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के व्यवहार को लेकर भी आक्रोश में हैं। सोनिया गांधी ने कड़े लहजे में भाजपा सांसद स्मृति ईरानी को डोंट टॉक टू मी कहा था। अब इस पर केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने हमारी पार्टी की एक महिला सांसद को डराया और धमकाया। सीतारमण ने कहा कि उन्हें अपने सांसद के बयान पर पछतावा जताने के बजाय आक्रामक रवैया अपना रखा था।
दरअसल, गुरुवार को सदन की कार्यवाही के दौरान कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए 'राष्ट्रपत्नी' शब्द का इस्तेमाल किया। उनके इस कथन के बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। भाजपा सांसदों ने अधीर रंजन से माफी मांगने की मांग की। वहीं, भाजपा सांसद स्मृति ईरानी ने दावा किया कि सोनिया गांधी के कहने पर अधीर रंजन ने ऐसा कहा है। इसलिए सोनिया गांधी को माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि सदन में हंगामे के बाद सोनिया गांधी संसद के बाहर रमा देवी से मिलने पहुंची और कहा कि मेरा नाम इस सबमें क्यों घसीटा जा रहा है। इस दौरान ईरानी ने आगे आकर कहा कि मैम मैं आपकी मदद कर सकती हूं। मैंने आपका नाम लिया था। इस पर सोनिया गांधी ने जवाब में कहा कि डोंट टॉक टू मी।
अब इस घटनाक्रम पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोनिया गांधी पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी की पार्टी के नेता ने राष्ट्रपति का अपमान किया तो दूसरी ओर सोनिया गांधी हमारी पार्टी के सांसद को धमका रही हैं। निर्मला सीतारमण ने दावा किया कि जिस लहजे में सोनिया गांधी ने स्मृति ईरानी से कहा, वो डराने और धमकाने वाला लहजा था।
सीतारमण ने कहा कि संसद में कार्यवाही के दौरान इस तरह के कार्य किसी सांसद को शोभा नहीं देते। कांग्रेस पार्टी की सर्वोच्च नेता के अंदाज संसद में बेहद आक्रामक थे। कोई पछतावा होने के बजाय वे सदन में हमारे सांसद को धमकाने का काम कर रहीं थीं।