Delhi दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सहारनपुर के पंजाब नेशनल बैंक में नकली करेंसी की साजिश के आरोपी को गिरफ्तार किया। इस मामले में एनआईए ने मंगलवार को नीतू को गिरफ्तार किया, जो मूलरूप से उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित थाना भगवानपुर के गांव कुंजा बहादुरपुर का निवासी है। यह व्यक्ति गिरफ्तार मुख्य आरोपी आदेश चौधरी और अन्य मुख्य आरोपियों का करीबी साथी है, जो सहारनपुर, उत्तर प्रदेश में पंजाब नेशनल बैंक करेंसी चेस्ट के जरिए नकली करेंसी नोटों के सर्कुलेशन से जुड़ी साजिश में शामिल था।
29 अगस्त को सहारनपुर के सदर बाजार पुलिस स्टेशन को पंजाब नेशनल बैंक के करेंसी चेस्ट से 7.29 करोड़ रुपए के नकली भारतीय नोट मिलने की जानकारी मिली। इसमें बैंक के तीन कर्मचारियों के शामिल होने का भी पता चला, और बाद में उन्हें बैंक ने सस्पेंड कर दिया। यह मामला शुरू में 29 अगस्त को सहारनपुर के पुलिस थाना सदर बाजार में तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। एनआईए ने केस अपने हाथ में लिया।
इससे पहले एनआईए ने एफआईआर में नामजद आरोपी अमित कुमार और मुख्य आरोपी आदेश चौधरी, मुकेश कुमार और राजेंद्र को क्रमशः 7, 15 और 20 सितंबर को गिरफ्तार किया था। पूरी साजिश का पता लगाने और बाकी सह-आरोपियों और संदिग्धों को गिरफ्तार करने के लिए जांच जारी है।